धर्मावाला चिकित्सालय में तीन दिवसीय निःशुल्क नेत्र शिविर संपन्न, 146 रोगियों के मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन
विकासनगर (धर्मावाला): स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित स्वामी विवेकानन्द धर्मार्थ चिकित्सालय, धर्मावाला में स्वास्थ्य सेवाओं की 'नर सेवा नारायण सेवा' की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तीन दिवसीय निःशुल्क नेत्र सर्जरी शिविर का सफल आयोजन किया गया। हैल्थ फर्स्ट ट्रस्ट के सहयोग से 9, 10 एवं 11 अप्रैल 2026 तक चले इस शिविर में आधुनिक लेज़र विधि (फेको) द्वारा कुल 146 सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कुल 546 रोगियों की आँखों की गहन जाँच की गई। जाँच के उपरांत मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए 146 चयनित रोगियों का अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में सफल ऑपरेशन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उन रोगियों को दृष्टि प्रदान करना था, जो संसाधनों के अभाव में उपचार नहीं करा पाते।
शिविर में चिकित्सा जगत के विख्यात विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। मुंबई से पधारीं प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मुस्तफा पारेख, डॉ. जारा पारेख एवं नासिक से डॉ. राजश्री कुटे के साथ देहरादून से डॉ. हिन्दुकुश ने सर्जरी सम्पन्न की। इस टीम का नेतृत्व सुश्री भुवनेश्वरी मार्खंडिया ने किया, जो हैल्थ फर्स्ट ट्रस्ट, मुंबई के माध्यम से पिछले लगभग 25 वर्षों से नेत्र एवं स्पाइन रोगियों की सेवा हेतु समर्पित हैं।
इस शिविर का लाभ न केवल स्थानीय निवासियों, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों ने भी उठाया। जौनसार-बावर के 200 से 250 किमी दूर स्थित दुर्गम क्षेत्रों के साथ-साथ सहारनपुर, पांवटा, हरियाणा एवं बड़कोट क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में रोगी इस शिविर से लाभान्वित हुए।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा रोगियों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। शिविर के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लाभार्थियों हेतु निःशुल्क परिवहन, रहने व खाने की व्यवस्था, फेको विधि द्वारा सर्जरी तथा निःशुल्क कंबल वितरण जैसी सुविधाएँ प्रदान की गईं। स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी का उद्देश्य सदैव दूरस्थ, वंचित एवं जरूरतमंद जनसमुदाय तक संवेदनापूर्ण और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना रहा है। इस सफल आयोजन से क्षेत्र के निर्धन मरीजों में नई आशा का संचार हुआ है।