ग्राम पंचायत बमोली विकास के पथ पर अग्रसर, छह महीनों में दिखा बदलाव का असर
ग्राम पंचायत बमोली विकास के पथ पर अग्रसर, छह महीनों में दिखा बदलाव का असर
द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल:
ग्राम पंचायत बमोली इन दिनों विकास की नई मिसाल पेश कर रही है। ग्राम प्रधान सपना देवी, वार्ड सदस्यों तथा खण्ड विकास द्वारीखाल के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से मात्र छह महीनों के भीतर गाँव में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
पिछले पांच वर्षों से रुके हुए विकास कार्यों को ग्राम पंचायत के पुनर्गठन के बाद नई दिशा मिली है। अब बमोली गांव में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्राम पंचायत में विभिन्न विकास कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से सीसी मार्ग निर्माण, सुरक्षा के लिए रेलिंग, सोलर लाइट की स्थापना, भूमि सुधार कार्य, आकर्षक स्वागत द्वार का निर्माण, जिम पार्क की स्थापना तथा जल संरक्षण से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से गांव की तस्वीर बदलती नजर आ रही है।
ग्राम प्रधान सपना देवी के नेतृत्व में वार्ड सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिल रहा है, जो विकास कार्यों की सफलता का मुख्य आधार बना है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक नेगी, ग्राम विकास अधिकारी सतीश चंद्र शर्मा, जीआरएस प्रवीण नेगी एवं नवीन भंडारी सहित खण्ड विकास कार्यालय के अधिकारियों का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है।
इस विकास यात्रा में वार्ड सदस्य जयमल चंद्रा का विशेष सहयोग भी उल्लेखनीय रहा है, जिनकी सक्रिय भागीदारी और जनहित के प्रति समर्पण से कई योजनाओं को गति मिली है।
ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक नेगी के अनुसार, “ग्राम बमोली में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचे और गांव आत्मनिर्भर बने। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से हम आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इन विकास कार्यों का एक सकारात्मक पहलू यह भी है कि इससे स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे आर्थिक स्थिति में भी सुधार आ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद गांव में विकास की ऐसी रफ्तार देखने को मिल रही है, जिससे उनमें नई उम्मीद जगी है। यदि इसी तरह सामूहिक प्रयास जारी रहे तो आने वाले समय में बमोली ग्राम पंचायत क्षेत्र में आदर्श गांव के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।
ग्राम पंचायत बमोली में हो रहे विकास कार्य न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहे हैं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी ला रहे हैं। यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है।