पिकअप-कार की भिड़ंत में तीन पुलिसकर्मी घायल
शाहजहांपुर। जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कटरा रोड पर उस समय हुआ, जब पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मदनापुर थाने में तैनात पुलिसकर्मी नितिन कुमार, सुनील कुमार और हरिंदर मलिक कार से कटरा रोड स्थित एक ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। रात करीब 10 बजे उनकी कार सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में लदी केले की टोकरियां सड़क पर बिखर गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी सदर प्रयांक जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।