अमेठी में नेशनल हाईवे पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त, 7 दिन में हटाने का नोटिस जारी
खबर अमेठी।
अमेठी बाजार के अंदर गुजर रहे नेशनल हाईवे (रा०मा० सं०–931) पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर सड़क की जमीन और राइट ऑफ वे पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है और आए दिन जाम की समस्या सामने आ रही है।
प्रशासन की ओर से सभी अतिक्रमणकर्ताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया है कि 7 दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटा लें। यदि तय समय के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया तो राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम 2002 की धारा 26(2) और नेशनल हाईवे एक्ट 1956 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने साफ किया है कि यदि प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी तो बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाया जाएगा और पूरी कार्रवाई का खर्च संबंधित अतिक्रमणकर्ता से ही वसूला जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम लगता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मचा हुआ है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या नोटिस के बाद खुद हटेगा अतिक्रमण या फिर प्रशासन को बुलडोजर चलाना पड़ेगा?