logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

उजीना से नौशेरा जाने वाली सड़क की स्थिति पर एक गंभीर सवाल

उजीना से नौशेरा जाने वाली सड़क की स्थिति पर एक गंभीर सवाल
उजीना से नौशेरा को जोड़ने वाली सड़क का हाल आज किसी से छुपा नहीं है। साल 2020 से लेकर अब तक यह सड़क चौथी बार बन रही है, लेकिन दुख की बात यह है कि एक भी बार इसका काम किसी मजबूत और जिम्मेदार ठेकेदार को नहीं सौंपा गया। बार-बार निर्माण और फिर कुछ ही महीनों में सड़क का टूट जाना साफ संकेत देता है कि कहीं न कहीं या तो राजनीति का हस्तक्षेप है या फिर जिला प्रशासन की नजर इस मुद्दे से पूरी तरह हट चुकी है।
उजीना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र, जो मेवात की पहचान है, वहां के लोगों को ऐसी बुनियादी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है, यह बेहद चिंताजनक है। यहां के लोग, समाजसेवी और बड़े नाम—जिनका मेवात विकास में योगदान रहा है—भी इस मुद्दे पर चुप नजर आ रहे हैं। केवल एक नाम सामने आया, श्री मास्टर चेतराम जी, जिन्होंने एक बार निरीक्षण किया, लेकिन उसके बाद किसी ने इस ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा।
मीडिया के साथियों ने इस मुद्दे को कई बार उठाया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्राम पंचायत नौशेरा की भूमिका पर भी सवाल उठते हैं—ऐसा लगता है जैसे उन्हें इस समस्या से कोई लेना-देना ही नहीं है। क्या उन्हें आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की कोई चिंता नहीं?
यह कहना गलत नहीं होगा कि जैसे ठेकेदार पहले ही सबको चुप रहने के लिए कह देता है, और फिर घटिया निर्माण कर के निकल जाता है। मैं किसी की भावना को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता, लेकिन सच को सामने लाना जरूरी है।
आज हमें खुद से सवाल पूछने की जरूरत है—जब सरकार इस सड़क के लिए पैसा दे रही है, तो हम चुप क्यों हैं? हरियाणा सरकार खुद कहती है कि जनता के विकास के लिए धन दिया जाता है। अगर कहीं गड़बड़ी हो रही है, तो हमें निडर होकर आवाज उठानी चाहिए।
याद रखिए, यह सिर्फ एक सड़क का मुद्दा नहीं है—यह हमारे विकास, हमारे बच्चों के भविष्य और हमारे अधिकारों का सवाल है। यहां खुद मुख्यमंत्री आकर निरीक्षण नहीं करेंगे, यह जिम्मेदारी हमारी है।
मैं अपने सभी नौजवानों, बुजुर्गों और जिम्मेदार नागरिकों से अपील करता हूं कि इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान दें और आवाज उठाएं। अगर आप साथ देना चाहते हैं, तो आगे आइए—और अगर नहीं, तो मैं अकेला ही इस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हूं।
सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब है—सिर्फ 6 महीने पहले बनी सड़क आज फिर से टूट रही है और दोबारा काम शुरू हो गया है। इसके वीडियो और तस्वीरें मेरे पास हैं, जिन्हें मैं आप सबके साथ साझा करूंगा।
अब वक्त है जागने का, बोलने का और सही काम करवाने का।
जय हिंद 🇮🇳
जय भारत 🇮🇳
जय मेवात 🙏

16
1794 views

Comment