सोनार समागम में उमड़ा जनसैलाब, स्वर्णकार समाज की एकजुटता का दिखा शक्ति प्रदर्शन
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित रवींद्रालय भवन में आयोजित सोनार समागम में शनिवार को स्वर्णकार समाज का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही कि सभागार के साथ-साथ भवन के बरामदे, परिसर और बाहर का मैदान भी खचाखच भरा नजर आया।
समागम के दौरान पूरे क्षेत्र में स्वर्णकार समाज की जागरूकता और एकजुटता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। परिसर, सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में लगे बैनर और होर्डिंग इस बात के साक्षी रहे कि समाज अब अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर सजग हो चुका है। वक्ताओं ने इसे सामाजिक और राजनीतिक चेतना के उदय का शुभ संकेत बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वर्णकार समाज राजनीतिक भागीदारी मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, उत्तर प्रदेश स्वर्णकार समिति के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कुमार वर्मा तथा नरहरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम में जौनपुर जनपद से भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। नरहरी सेना जौनपुर के जिला अध्यक्ष सुजीत वर्मा, शाहगंज नरहरी सेना के संरक्षक सचिन वर्मा तथा शाहगंज नरहरी सेना के अध्यक्ष सुजीत सेठ की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
समागम के अंत में समाज के उत्थान, एकता और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने “जय संत शिरोमणि नरहरी सेना” के जयघोष के साथ समाज की एकजुटता का प्रदर्शन किया।