logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कवि सम्मेलन ‘काव्य तरंग–2026’ में गूंजे शब्दों के सुर, कवियों ने बांधा समां

बरेली। जनपद के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी स्थित उड़ान ग्लोबल स्कूल में स्व. श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा जी की पुण्य स्मृति में डायरेक्टर सुधांशु शर्मा के निर्देशन में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ‘काव्य तरंग–2026’ शनिवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए ख्यातिप्राप्त कवियों ने अपनी सशक्त एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया, जिसके पश्चात काव्य प्रस्तुति का सिलसिला शुरू हुआ। मंच पर हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार एवं वीर रस की कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को साहित्यिक रंग में रंग दिया। कवियों की ओजपूर्ण व प्रभावशाली रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं और बार-बार वाहवाही कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कवि सम्मेलन में हिमांशु श्रोत्रिय “निष्पक्ष” ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं को प्रभावित किया, वहीं निर्मल सक्सेना एवं जीतेश राज नक्श ने हास्य-व्यंग्य से भरपूर रचनाओं से लोगों को खूब गुदगुदाया। उमेश त्रिपुणायत “अद्भुत” एवं विकास आर्य की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। रिजवान फरीदी, सुल्तान जहां पूरनपुरी एवं कुलदीप कल्प ने अपनी शायरी से महफिल में अलग ही रंग घोला। नेहा मिश्रा की श्रृंगार रस से सराबोर प्रस्तुति को श्रोताओं ने विशेष सराहना दी, जबकि अभिषेक अग्निहोत्री एवं डॉ. सत्यवीर सिंह की प्रभावशाली कविताओं ने कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इस अवसर पर स्व. श्री राजेन्द्र प्रसाद शर्मा जी की स्मृति में आयोजित सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उड़ान ग्लोबल स्कूल के डायरेक्टर सुधांशु शर्मा एवं समस्त स्टाफ द्वारा सभी आमंत्रित कवियों, कवयित्रियों एवं गणमान्य अतिथियों का स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में सुधांशु शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
समारोह में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनाक्षी त्रिपाठी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, साहित्य प्रेमी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
प्रवन पाण्डेय
संवाददाता बरेली

4
585 views

Comment