क्राइम इंस्पेक्टर का शव बाथरूम में मिला, हार्ट अटैक की आशंका
शाहजहांपुर।
जनपद में शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां पुवायां थाने में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार (45) का शव उनके सरकारी आवास के बाथरूम में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह राजेश कुमार निर्धारित समय पर थाने नहीं पहुंचे। कई बार कॉल करने के बावजूद जब उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, तो साथी पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंचे। वहां कमरे की तलाशी के दौरान बाथरूम में उनका शव जमीन पर पड़ा मिला।
पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मौके के निरीक्षण में पाया गया कि राजेश कुमार नहाने की तैयारी में थे। बाथरूम के बाहर उनके कपड़े रखे थे और उन्होंने शेविंग भी कर ली थी।
राजेश कुमार मूल रूप से उन्नाव जिले के रहने वाले थे और अगस्त 2025 में पुवायां थाने में क्राइम इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हुए थे। इससे पहले वह बंडा, रोजा, निगोही और जैतीपुर थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनका परिवार उन्नाव में ही रहता है, जबकि वह शाहजहांपुर में सरकारी आवास पर अकेले रह रहे थे।
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। एसपी ग्रामीण दीक्षा अरुण भवरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।