logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

डीएम-एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं जन शिकायतें, त्वरित निस्तारण के निर्देश

शाहजहांपुर।
जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत थाना बंडा में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, विधायक पुवायां चेतराम तथा उप जिलाधिकारी पुवायां चित्रा निर्वाल भी मौजूद रहीं।

थाना समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई में भूमि विवाद, कब्जा, आपसी रंजिश, मारपीट, पारिवारिक विवाद, रास्ता विवाद सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। कई मामलों का मौके पर ही आपसी सहमति से निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर विशेष रूप से भूमि एवं कब्जा संबंधी विवादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा, ताकि अनावश्यक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर विधिक कार्रवाई को प्राथमिकता दें और फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के उपरांत डीएम और एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, आगंतुक पंजिका, सीसीटीवी व्यवस्था और शस्त्रागार का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर तहसील स्तरीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल, थाना प्रभारी बंडा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

2
47 views

Comment