रसोई गैस किल्लत और महंगाई पर सपा का प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला दहन
मुंगेर: रसोई गैस की किल्लत, बढ़ती महंगाई और जिले में व्याप्त अराजकता के खिलाफ गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सपा जिला अध्यक्ष पप्पू यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बेलन बाजार स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालते हुए जिला मुख्यालय के प्रमुख मार्गों से होते हुए राजीव गांधी चौक पहुंचे। वहां पहुंचकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान “रसोई गैस की किल्लत बंद करो”, “महंगाई पर रोक लगाओ”, “प्रशासन होश में आओ” और “नरेंद्र-नीतीश मुर्दाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे।
प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की स्थिति को गंभीर बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए जनता को गुमराह कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन आंदोलनकारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है, जिसे सपा बर्दाश्त नहीं करेगी।
वहीं समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश महासचिव रविकांत झा ने कहा कि जिले में अराजकता का माहौल है। कहीं फाइलें जल रही हैं, तो कहीं कर्मचारी घूस लेते पकड़े जा रहे हैं। रसोई गैस की किल्लत और जन-नल योजना को लेकर जनता परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक दमन के खिलाफ उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन में उपाध्यक्ष रामनाथ राय, महासचिव मिथिलेश यादव, अशोक भारत, नकुल यादव, सुधीर यादव, मीडिया प्रभारी मनोज क्रांति, नगर अध्यक्ष मो. आजम सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।