logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुंगेर में हथियार तस्करी का बड़ा खुलासा,तीन गिरफ्तार,भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुंगेर: बिहार के मुंगेर में हथियार तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिव गुरुधाम मय मार्ग पर गुरुवार देर शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार तस्कर मय मैदान इलाके में एक बड़ी डील करने वाले हैं।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध जैसे ही मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेरकर दबोच लिया।वहीं तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 2 मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद तौफीक और मोहम्मद सहनसा अली के रूप में हुई है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीसरे आरोपी मोहम्मद अली को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसे इस नेटवर्क की अहम कड़ी माना जा रहा है।

मामले में मुंगेर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं और लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय थे। यह गिरोह इलाके में अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराता था, जिससे लूट, रंगदारी और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जाता था।

वहीं पुलिसिया पूछताछ के दौरान चार और संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जो इस गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह है, जिसकी जड़ें कई इलाकों तक फैली हो सकती हैं।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है, जबकि इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

1
0 views

Comment