बिना मान्यता चल रही थीं कक्षाएं, निरीक्षण में चार स्कूलों में भारी अनियमितताएं उजागर।
बिना मान्यता चल रही थीं कक्षाएं, निरीक्षण में चार स्कूलों में भारी अनियमितताएं उजागर
कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता, लेकिन 9 से 12 तक पढ़ाई जारी; बीएसए ने दिए सख्त निर्देश
समाचार:
चंदौली जनपद में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। निरीक्षण के दौरान तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्य जूनियर हाई स्कूल में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। जांच में पाया गया कि इन विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की ही मान्यता प्राप्त है, इसके बावजूद यहां कक्षा 9 से 10 और कुछ स्थानों पर कक्षा 12 तक की पढ़ाई कराई जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं का नामांकन अन्य विद्यालयों में दर्ज है, जबकि वे पढ़ाई इन अवैध रूप से संचालित कक्षाओं में कर रहे थे। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए सचिन कुमार ने सभी संबंधित विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन करें। साथ ही चारों विद्यालयों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
“यदि भविष्य में बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित पाई गईं, तो संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।” – बीएसए सचिन कुमार