डिजिटल युग में बड़ा कदम: डा. राजीव बिन्दल ने नई वेबसाइट का किया शुभारम्भ
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल द्वारा आज जिला भाजपा कार्यालय नाहन में उनकी आधिकारिक वेबसाइट का विधिवत शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर भाजपा के सोशल मीडिया, आईटी सेल तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान डा. बिन्दल ने “राजीवबिंदलएचपी.इन” वेबसाइट को लॉन्च करते हुए कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनके सामाजिक और राजनीतिक जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को आम जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008-2009 से उनकी वेबसाइट पहले भी संचालित थी, जिसे अब आधुनिक तकनीक और वर्तमान जरूरतों के अनुरूप अपडेट कर पुनः शुरू किया गया है।
डा. बिन्दल ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दौर सूचना प्रौद्योगिकी का युग है, जहाँ डिजिटल मीडिया जनसंपर्क का सबसे तेज और प्रभावी माध्यम बन चुका है। विशेष रूप से सोशल मीडिया के जरिए सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहद सरल और व्यापक हो गया है। ऐसे में यह सभी का दायित्व बनता है कि समाज तक केवल सही, तथ्यपरक और सकारात्मक जानकारी ही पहुँचाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी किसी भी भ्रामक या नुकसानदायक सूचना के प्रसार से बचना चाहिए, जो समाज, राष्ट्र या किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाए।
अंत में डा. बिन्दल ने भाजपा संगठन की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की राज्य, जिला और मंडल स्तर की सोशल मीडिया एवं आईटी टीमें बेहतरीन कार्य कर रही हैं और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचा रही हैं।