logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एक पोल के अभाव में अंधेरे में बीपीएल परिवार, सामाजिक कार्यकर्ता कमलेन्द्र कुमार ने उठाई आवाज

“ये कैसा व्यवस्था परिवर्तन, कि गरीब और गरीब होता जा रहा है और अमीर और अमीर…” — यह पंक्ति बाडथल मंधाना पंचायत के एक गरीब परिवार की हकीकत को बयां कर रही है, जहां सरकारी योजनाओं के बावजूद एक जरूरतमंद परिवार आज भी बुनियादी सुविधा बिजली से वंचित है।
गांव बरथल निवासी जगमोहन सिंह (पुत्र अनिन्द्र सिंह), जो कि बीपीएल परिवार से संबंध रखते हैं, ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया मकान तो मिला, लेकिन उसमें आज तक बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाया। उन्होंने कई बार बिजली विभाग को लिखित व मौखिक रूप से आवेदन किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जगमोहन सिंह के अनुसार, उनके घर से करीब 200 मीटर दूरी पर पहले से बिजली का पोल मौजूद है, लेकिन कनेक्शन देने के लिए केवल एक अतिरिक्त पोल और तार की जरूरत है। इसके बावजूद विभाग की ओर से इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया, जिससे परिवार को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है।
इस गंभीर मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कमलेन्द्र कुमार ने आगे आकर गरीब परिवार की आवाज बुलंद की है। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को बिजली सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
कमलेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब जरूरतमंदों तक सुविधाएं समय पर पहुंचेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो इस मुद्दे को और बड़े स्तर पर उठाया जाएगा।
स्थानीय लोगों में रोष, कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि एक पोल के अभाव में किसी गरीब परिवार को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करते हैं और कब तक इस गरीब परिवार के घर में उजाला पहुंच पाता है।

20
7223 views

Comment