मिर्जापुर: कार की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, चालक फरार
मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह
एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना संतनगर थाना क्षेत्र के मलुआ गांव की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्चे की जान चली गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे अंगद उर्फ ऋतिक (4 वर्ष) पुत्र प्रदीप कुमार सिंह अपने घर के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों के शोर मचाने पर परिजन तुरंत बच्चे को निजी साधन से मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन कार का नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने संतनगर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खुशी गम में बदली
इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक अंगद उर्फ ऋतिक दो भाइयों में बड़ा था। पिता प्रदीप कुमार सिंह ने दुख जताते हुए कहा, “हमारा बच्चा अभी-अभी जीवन की शुरुआत कर रहा था, यह दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।