दूसरी मंजिल से गिरकर पूर्व सैनिक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
दूसरी मंजिल से गिरकर पूर्व सैनिक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
रात में संतुलन बिगड़ने से सीसी रोड पर गिरे, सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत।
चंदौली:
बलुआ थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में सेना से सेवानिवृत्त 40 वर्षीय वकील यादव की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय गंगाराम यादव के सबसे छोटे पुत्र वकील यादव फरवरी 2024 में सेना से रिटायर हुए थे। शुक्रवार रात वह अपने परिवार के साथ घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। देर रात लघुशंका के लिए उठे, लेकिन छत पर मुंडेर न होने और अंधेरे के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे सीसी रोड पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद पत्नी पूनम देवी ने जब पति को बिस्तर पर नहीं देखा तो उनकी तलाश शुरू की। नीचे जाकर देखा तो वह खून से लथपथ पड़े थे। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह व मारुफपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां स्वाति (14) व साक्षी (12) और वृद्ध मां को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
“यह बेहद दुखद घटना है। प्रारंभिक जांच में हादसा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।” – थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह