सेमारी में तीन दिन से बीएसएनएल मोबाइल - इंटरनेट ठप, लोग परेशान
बार-बार ओएफसी फाइबर कटने से समस्या, स्थाई समाधान की मांग
सलुम्बर जिले के सेमारी उपखण्ड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से भारत संचार निगम लिमिटेड की मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बंद हैं। उपभोक्ताओं को भारी परेशानी हो रही है। नेटवर्क बाधित होने से सरकारी काम रुक रहे हैं। ऑनलाइन लेन-देन प्रभावित हो रहा है। राशन वितरण में दिक्कत आ रही है। ओटीपी आधारित सेवाएं भी ठप पड़ी हैं।
ग्रामीण इलाकों में निजी कंपनियों के महंगे रिचार्ज प्लान के कारण बड़ी संख्या में लोग सस्ती सेवा के तौर पर बीएसएनएल का उपयोग कर रहे हैं। सेमारी क्षेत्र में बार-बार ओएफसी फाइबर केबल कटने से टावर बंद हो जाते हैं। नेटवर्क पूरी तरह ठप हो जाता है। उपभोक्ताओं को बैंकिंग, दस्तावेज सत्यापन जैसी जरूरी ऑनलाइन सेवाओं में कठिनाई हो रही है। सेमारी कस्बा उपखण्ड मुख्यालय है। कई सरकारी विभागों का केंद्र है। आसपास के जनजातीय गांवों के ग्रामीणों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र भी है। इसके बावजूद बीएसएनएल सेवा लगातार बाधित रहने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
बीएसएनएल सेवा सुधार की मांग को लेकर पहले उपभोक्ताओं और व्यापारियों ने उदयपुर सांसद को ज्ञापन सौंपकर अन्य रूट से केबल जुड़वाई गई थी एक लाइन कटे तो दूसरी लाइन से सेवा चालू रहे लेकिन विभाग के द्वारा दोनों लाइनो को ठीक नही किया जाता है एक लाईन कटने पर उसे ही दुरस्त किया जाता हैं । दूसरी लाईन ठीक नही की जाती जिससे समस्या यथावत रहती हैं इस संबंध में दूरसंचार विभाग के सलूंबर के जेटीओ विजय पांडे ने कहा चावंड रूट की अंडरग्राउंड केबल को चूहों ने काट दिया है, दूसरी लाइन जोड़ने को लेकर अवगत करवाया हैं अभी सेवा बाधित हुई है। विभागीय टीम केबल दुरुस्त करने में लगी है। जल्द ही सेवा पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।