logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सोशल मीडिया पर महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार: शादी का झांसा देकर आपत्तिजनक बातें करता, पैसे ऐंठता था आरोपी

झालावाड़ में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को ठगने और ब्लैकमेल करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में शहर के एक युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
एसपी अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सौरभ अग्रवाल (36), निवासी झालावाड़, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप पर विवाह एवं रिश्तों से जुड़े विभिन्न ग्रुप्स में सक्रिय था। वह इन ग्रुप्स के माध्यम से युवतियों और उनके परिवारों की जानकारी जुटाता था।
शादी का झांसा देकर रुपए ऐंठे

आरोपी फर्जी नाम, पता और फोटो का इस्तेमाल कर उनसे संपर्क करता था। वह अपनी पहचान छुपाकर महिलाओं से अश्लील बातें करता और शादी का झांसा देकर उनसे रुपए ऐंठता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को किसी और व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत कर विवाह के लिए प्रोफाइल बनाता था। इसके बाद वह महिलाओं से बातचीत शुरू कर उन्हें झांसे में लेता और धीरे-धीरे अश्लील चैटिंग करने लगता। विश्वास में लेने के बाद आरोपी उनसे निजी और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो मंगवाता था।
महिलाओं को बदनाम करने की धमकी

इन्हीं फोटो-वीडियो के आधार पर आरोपी महिलाओं को बदनाम करने की धमकी देता और उनसे पैसों की मांग करता था। इस प्रकार उसने कई महिलाओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आर्थिक लाभ लेने की कोशिश की। इस पर 8 अप्रैल को एक अज्ञात पीड़िता ने गोपनीय रूप से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी विवाह संबंधी ग्रुप्स के जरिए महिलाओं से संपर्क कर उनकी निजता का उल्लंघन कर रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच महिला थाना झालावाड़ को सौंपी गई। साइबर टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और महिलाओं की गरिमा भंग करने से संबंधित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया।
Aima media jhalawar

1
593 views

Comment