धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच शिविर आयोजित
संवाददाता। अंक संदेश।
धोरैया (बांका): बिहार के बांका जिला अंतर्गत धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज दिनांक 09.04.2026 को प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र की बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कुल 475 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई।
शिविर के दौरान महिलाओं की विभिन्न प्रकार की आवश्यक जांचें की गईं, जिनमें वजन, ऊंचाई (हाइट), हीमोग्लोबिन (खून की कमी) की जांच, रक्त परीक्षण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण शामिल रहे। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा प्रत्येक महिला की स्थिति का बारीकी से आकलन कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान के अंतर्गत अविनाश कुमार, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक द्वारा उपस्थित गर्भवती महिलाओं से टीबी (क्षय रोग) से संबंधित पूछताछ की गई तथा उन्हें टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए समय पर जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया में शिविर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गई। साथ ही, गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण को ध्यान में रखते हुए नाश्ते में फल एवं फ्रूटी का भी वितरण किया गया, जिससे महिलाओं में संतोष देखा गया।
स्थानीय लोगों ने इस तरह के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।
रिपोर्ट, ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन जन की
आवाज
हर गांव, हर शहर की खबर
जय हिंद जय भारत🇳🇪