हेडलाइन:
चंदौली में तेज रफ्तार का कहर: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, दो युवकों की मौत।
हेडलाइन:
चंदौली में तेज रफ्तार का कहर: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, दो युवकों की मौत
चंदौली। सिकंदरपुर–नंदूपुर मार्ग (शर्मा रोड) स्थित बैरी गांव के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर में 21 वर्षीय सूरज गौड़ निवासी बिसोरा और 20 वर्षीय अंश पटेल निवासी मेनापुर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अनुराग (रामपुर कला) और श्लोक (बैरी) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बाइकों पर सवार युवक हेलमेट नहीं पहने थे।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब 10 बजे दो अलग-अलग बाइकों पर सवार युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे, तभी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक चला रहे युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक रात में किस कार्य से निकले थे।