100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान हेतु सिविल अस्पताल जौरा में बैठक आयोजित
100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान हेतु सिविल अस्पताल जौरा में बैठक आयोजित
टीबी मुक्त भारत के लिए सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के निर्देशन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में सिविल अस्पताल जौरा की क्षय इकाई में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसमुदाय को जागरूक करते हुए संभावित टीबी रोगियों की सक्रिय स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि समय पर रोग की पहचान कर उपचार प्रारंभ किया जा सके।
इसी क्रम में सिविल अस्पताल जौरा में स्वास्थ्यकर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए एक जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉ. आर.एस. सेमिल की उपस्थिति में अभियान की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
डॉ. सेमिल ने सभी उपस्थितजनों से आह्वान किया कि वे सामूहिक प्रयासों से जनसमुदाय को टीबी रोग के लक्षणों के प्रति जागरूक करें, अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करें तथा चिन्हित रोगियों का समय पर उपचार प्रारंभ कराएं। साथ ही, रोगियों को शासन की पोषण आहार एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बीपीएम महेंद्र पाल सिंह, बीसीएम श्रीमती मधु सेमल, बीईई भूपेंद्र धाकड़, क्षय इकाई के वरिष्ठ पर्यवेक्षक श्री दिनेश पचौरी, श्री रणवीर गोयल, श्री रघुराज शर्मा तथा आईसीटीसी काउंसलर श्री संदीप सेंगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
#Morena #morena2026