नाजुक युद्धविराम के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही लगभग ठप 
अमेरिका-ईरान के बीच नाजुक सीजफायर के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही अभी भी लगभग बंद है। जहां सामान्य दिनों में करीब 135 जहाज रोजाना गुजरते हैं, वहीं बुधवार-गुरुवार तक सिर्फ 7 जहाज ही निकले, जिनका किसी न किसी रूप में ईरान से संबंध था। 
ईरान ने जलमार्ग पर अपना नियंत्रण और मजबूत करते हुए दो “सुरक्षित रूट” जारी किए हैं, क्योंकि मुख्य रास्तों में एंटी-शिप माइंस होने की आशंका जताई गई है। दूसरी तरफ सऊदी और इराकी तेल से भरे 3 चीनी टैंकर होर्मुज के पास लंगर डालकर इंतजार कर रहे हैं। 
यूएई की ADNOC के प्रमुख सुल्तान अल जाबेर ने साफ कहा कि “होर्मुज खुला नहीं है, वहां आवाजाही शर्तों और नियंत्रण के तहत हो रही है।” ईरान ने भी कहा है कि किसी भी जहाज को गुजरने से पहले उसकी सेना से संपर्क करना होगा। 
दुनिया के करीब 20% तेल और LNG सप्लाई इसी रास्ते से गुजरती है, इसलिए ट्रैफिक रुकने से बाजार में सप्लाई की चिंता बनी हुई है।