logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ग्राम पंचायत बरबाई एवं अम्लिहेड़ा में कलेक्टर ने चौपाल लगाकर सुनी जनसमस्याएं

ग्राम पंचायत बरबाई एवं अम्लिहेड़ा में कलेक्टर ने चौपाल लगाकर सुनीं जनसमस्याएं

स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवनों का निरीक्षण, ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर दिए आवश्यक निर्देश

आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने पोरसा विकासखंड के ग्राम बरबाई एवं अम्लिहेड़ा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर एसडीएम अंबाह श्री रामनिवास सिंह सिकरवार, तहसीलदार श्री नरेश शर्मा, एईओ पोरसा, सब इंजीनियर, एसडीओ पीएचई, सीडीपीओ पोरसा सहित अन्य मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने सर्वप्रथम ग्राम बरबाई में पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों द्वारा सड़कों की खराब स्थिति, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण तथा चरनोई भूमि पर अवैध कब्जों से संबंधित समस्याएं रखी गईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शासकीय प्राथमिक विद्यालय बरबाई पहुंचे, जहां भवन की मरम्मत हेतु स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी भवन जर्जर स्थिति में पाया गया, जिस मरम्मत कराने के निर्देश एसडीएम को दिए गए।
कलेक्टर ने ग्राम की निचली बस्तियों का भी भ्रमण कर वहां की समस्याएं सुनीं तथा सीसी रोड निर्माण के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही तत्काल राहत के रूप में मार्ग को आवागमन योग्य (मोटरेबल) बनाने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ग्राम अम्लिहेड़ा पहुंचे और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां शिक्षक तो उपस्थित थे, लेकिन विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश शिक्षकों को दिए निरंतर पालकों से संवाद बनाए रखने को कहा।

ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि फसल कटाई के कारण विद्यार्थियों की उपस्थिति कम है। कलेक्टर ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
ग्राम अम्लिहेड़ा में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अंबाह से आने वाले नाले के कारण फैली गंदगी की समस्या बताई इस पर कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को नाले के सुधार हेतु स्टीमेट तैयार करने तथा पंचायत को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने नल-जल योजना के विद्युत आपूर्ति अभाव में बंद होने की समस्या भी बताई। इस पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर योजना को शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh

75
1861 views

Comment