मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, जनपद में 82 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण 6 जनवरी 2026 से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ। इस दौरान प्राप्त दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया गया।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्रों—मैनपुरी, भोगांव, किशनी और करहल—में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। प्रारंभिक प्रकाशन के समय कुल मतदाता 11,76,538 थे, जो अंतिम प्रकाशन में बढ़कर 12,58,963 हो गए हैं। इस प्रकार कुल 82,425 नए मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो मैनपुरी में 24,004, भोगांव में 21,775, किशनी में 14,795 और करहल में 21,851 नए मतदाताओं का इजाफा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान के दौरान पात्र नागरिकों के नाम जोड़े गए, वहीं अपात्र नामों को हटाने की कार्रवाई भी की गई।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम की पुष्टि कर लें और लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अधिकार का प्रयोग अवश्य करें।