गोगामेडी शहीदों के सम्मान में गौउपचार शाला में रक्तदान शिविर आयोजित
गोगामेड़ी:(विनोद खन्ना)शहीदों के सम्मान में गौउपचार शाला में रक्तदान शिविर आयोजित
गोगामेड़ी क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम परलीका में स्थापित गौउपचार शाला में शुक्रवार को शहीदों के सम्मान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मानव सेवा के साथ-साथ देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा।
गौउपचार शाला के संचालक राहुल परलीका ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां घायल व दुर्घटनाग्रस्त पशुओं का उपचार किया जाता है तथा निरंतर उनकी सेवा की जाती है। वर्तमान में गौउपचार शाला में 51 गोवंश, 4 ऊंट, 2 घोड़े, 1 बंदर, 4 कुत्ते, 1 झोटा तथा 4 अंधी गौमाताओं की देखभाल की जा रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 20 सदस्यीय टीम दिन-रात सेवा कार्य में जुटी रहती है और पूरा गांव जीव-जंतुओं की सेवा में समर्पित होकर बढ़-चढ़कर सहयोग करता है।
रक्तदान शिविर में नोहर के मोनालिसा ब्लड सेंटर द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान कुल 51 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। आयोजन में वैद हंसराज स्वामी (माधोसिंघाना) का विशेष सहयोग रहा।
शिविर में आयूब खान ने 92वीं बार तथा जगदीश बाजीगर ने 55वीं बार रक्तदान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वहीं एक महिला कांतोकोर ने प्रथम बार रक्तदान कर समाज में जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच प्रतिनिधि बृजलाल कालवा एवं पूर्व सरपंच जयमल स्वामी रहे। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य दीपचंद, पंचायत समिति सदस्य राजाराम सहारण, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सुनीता कसवां, समाजसेवी कृष्ण बेनीवाल, केसरी चंद सोनी, अजीतपाल बेनीवाल, महेश लाटा, नोहर से यूनाइटेड प्रेस समिति अध्यक्ष मोहर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
शिविर में मस्जिद के मौलाना असगर की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।