कलेक्टर-सीईओ के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण पक्की नाली निर्माण, किसानों को मिला सिंचाई का संबल
Cs, Ghritlahre, AIMA MEDIA//सरसींवा (सारंगढ़-बिलाईगढ़): जनपद पंचायत बिलाईगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत खुरदरहा (आश्रित ग्राम–कोदोपाली) में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत एक महत्वपूर्ण विकास कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ है। कलेक्टर डॉ. संजय कनौजे एवं जिला पंचायत सीईओ इन्द्रजीत बर्मन के मार्गदर्शन में लगभग 18.91 लाख रुपये की लागत से रामायण खेत से छत्तर खेत तक पक्की नाली का निर्माण कराया गया, जो अब ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हो रहा है।
इस निर्माण कार्य को ग्राम पंचायत एवं तकनीकी सहायक लिकेश कुमार के नेतृत्व में उच्च गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरा किया गया। नाली का निर्माण मजबूत और टिकाऊ तरीके से किया गया है, जिससे इसका दीर्घकालीन उपयोग सुनिश्चित हो सके।
इस पक्की नाली के निर्माण से अब जंगल क्षेत्र से आने वाला पानी सीधे नाली के माध्यम से किसानों के खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे लगभग 15 से 20 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिल रहा है। पहले जहां किसानों को धान की फसल के समय पानी की कमी का सामना करना पड़ता था, वहीं अब इस समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। इससे ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल है।
तकनीकी सहायक लिकेश कुमार ने बताया कि कार्य को कलेक्टर एवं जिला सीईओ के निर्देशानुसार पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया गया है। उन्होंने एपीओ शशिकांत गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनके मार्गदर्शन में कार्य स्थल का चयन उपयोगिता के आधार पर किया गया। साथ ही CLART MAP एवं BHUVAN APP जैसे आधुनिक तकनीकी साधनों का उपयोग कर सटीक स्थान चिन्हांकन किया गया, जिससे कार्य की प्रभावशीलता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकी।
इस परियोजना की सफलता में ग्राम पंचायत, सरपंच एवं पूरी टीम की सक्रिय भागीदारी और बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के संयुक्त प्रयासों से यह निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हुआ।
यह नाली निर्माण कार्य न केवल मनरेगा के तहत रोजगार सृजन का माध्यम बना, बल्कि गांव की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। ग्रामीणों द्वारा इस कार्य की खुलकर सराहना की जा रही है, जो ग्रामीण विकास की दिशा में एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।