logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बीपीएल कुटीर ज्योति परिवारों के लिए निःशुल्क सोलर प्लेट स्थापना को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

भौगौलिक क्षेत्र के समग्र विकास एवं ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीपीएल कुटीर ज्योति परिवारों के आवासीय परिसरों की छतों पर निःशुल्क सोलर प्लेट स्थापित किये जाने की योजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक एवं कनीय अभियंता के साथ-साथ सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी , जीविका के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक जीविका उपस्थित रहे। बैठक में योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड अंतर्गत पाँच-पाँच पंचायतों का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जाय। चयनित पंचायतों में बीपीएल कुटीर ज्योति परिवारों के आवासीय परिसरों की छतों पर निःशुल्क सोलर प्लेट स्थापित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल गरीब परिवारों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि योजना के अंतर्गत चयनित लाभुकों से सहमति (कंसेंट) प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके लिए जीविका के माध्यम से संबंधित बीपीएल परिवारों से निर्धारित प्रारूप में कंसेंट फॉर्म भरवाया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समन्वय स्थापित करते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं।
प्रथम चरण में पूरे जिले में लगभग 7,500 बीपीएल कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसरों पर सोलर प्लेट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि चयनित पंचायतों से कंसेंट फॉर्म की प्राप्ति 13 अप्रैल के पूर्व हर हाल में सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा कि कंसेंट फॉर्म प्राप्त होते ही सोलर प्लेट स्थापना की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ कर दिया जायेगा, ताकि लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने योजना के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
यह योजना जिले में अक्षय ऊर्जा के प्रसार एवं गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

48
2389 views

Comment