logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली

अजीतमल (औरैया)। विकासखंड अजीतमल के अंतर्गत ग्राम पंचायत विलावा, न्याय पंचायत भीखेपुर में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय एवं कन्या जूनियर हाई स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य क्षेत्र के अभिभावकों एवं बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन विद्यालयों में सुनिश्चित करना रहा।

रैली को प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमृत सिंह कठेरिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सहायक अध्यापक रजनी त्रिपाठी, आकांक्षा पुरवार तथा शिक्षामित्र राखी पांडेय, राजेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं कन्या जूनियर हाई स्कूल के इंचार्ज प्रधानाचार्य शुवेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अध्यापक आरती एवं नीरज पांडेय ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां बच्चों ने शिक्षा के महत्व को दर्शाते हुए विभिन्न नारे लगाए।

रैली में शामिल छात्र-छात्राएं "सब पढ़ें, सब बढ़ें", "हर घर से एक ही नारा, शिक्षा है अधिकार हमारा", "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे थे। शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में सभा आयोजित कर शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक बच्चे का विद्यालय से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है।

14
147 views

Comment