logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कुकलाह पक्का पुल निर्माण में देरी से जनता परेशान, बच्चों की पढ़ाई और किसानों की आजीविका पर संकट ।

लगातार मांगों के बावजूद प्रशासन और सरकार की उदासीनता, बरसात से पहले पुल निर्माण की उठी मांग

देवेश आर्य : मण्डी हिमाचल प्रदेश भारत ।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के गोहर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सरोआ तथा बाली - चौकी ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुकलाह में कुकलाह पक्का पुल के निर्माण में हो रही देरी से स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

बीते वर्ष भारी बारिश के कारण पानी के तेज बहाव और दलदल में यह पुल बह गया था, जिसके बाद से आज तक इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण क्षेत्र के सरोआ टिल्ली और घाटीहाड़ के निचले इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन स्कूल आने-जाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं पशुपालकों को पशुओं के लिए चारा लाने-ले जाने में भारी परेशानी हो रही है और किसान अपने खेतों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बरसात का मौसम फिर से शुरू होने के कगार पर है, जिससे उनकी चिंताएं और बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार प्रशासन और सरकार को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का आरोप है कि न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान दे रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही पुल और सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द कुकलाह पक्का पुल के निर्माण की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई, किसानों की खेती और पशुपालकों की आजीविका सुरक्षित रह सके।

रिपोर्ट: देवेश आर्य, मंडी, हिमाचल प्रदेश, भारत।

58
4656 views

Comment