logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर अब विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा, ई-संजीवनी सेवा से ग्रामीणों को राहत


ब्यूरो प्रमुख ओमप्रकाश सिंह -
आजमगढ़, 08 अप्रैल 2026।
जनपद में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM) पर ही अब विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा के माध्यम से मरीजों को घर के नजदीक ही डॉक्टरों और विशेषज्ञों से सलाह मिल रही है, जिससे उन्हें दूरदराज के अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) इस व्यवस्था में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मंदिर पर आने वाले मरीजों की पहले सीएचओ द्वारा जांच की जाती है और आवश्यकता अनुसार उन्हें ई-संजीवनी प्लेटफॉर्म के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से जोड़ा जाता है। इसके बाद मरीज की वीडियो कॉल के माध्यम से डॉक्टर से सीधी बातचीत कराई जाती है, जिससे उन्हें उचित उपचार एवं दवा की सलाह तुरंत मिल जाती है।

सीएमओ ने बताया कि इस व्यवस्था से मरीजों को समय पर सही परामर्श मिल रहा है और उन्हें अनावश्यक रूप से बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते मार्च माह तक जनपद में 43 हजार से अधिक मरीज ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से परामर्श प्राप्त कर चुके हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि सीएचसी पवई और तहबरपुर सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों ने इस सेवा के सफल संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और बड़ी संख्या में मरीजों को लाभान्वित किया है। वहीं जिन क्षेत्रों में इस सेवा का उपयोग अपेक्षाकृत कम हो रहा है, वहां जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर जाएं और सीएचओ के माध्यम से ई-संजीवनी सेवा का लाभ उठाएं। उन्होंने इसे निःशुल्क, सरल और समय की बचत करने वाली सुविधा बताया।

अंत में उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, विशेष रूप से सीएचओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा गांव-गांव तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है।

21
474 views

Comment