जमशेदपुर में चुनाव की तैयारी तेज, शुद्ध मतदाता सूची के लिए विशेष अभियान शुरू
जमशेदपुर में आगामी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। साफ, सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य से पूरे जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और फर्जी या डुप्लिकेट नामों को पूरी तरह हटाया जा सके।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सभी संबंधित अधिकारियों को मैदान में उतार दिया गया है। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अधिकारियों को अलग-अलग बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में 6 और 7 अप्रैल को अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर बूथ स्तर पर गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने देखा कि घरों की सही नंबरिंग हो रही है या नहीं, परिवार के सभी वयस्क सदस्यों का नाम सही तरीके से दर्ज किया जा रहा है या नहीं। इसके अलावा मृत, स्थानांतरित (शिफ्ट हुए) या डुप्लिकेट मतदाताओं (ASDD) की पहचान की प्रक्रिया की भी बारीकी से जांच की गई।
अधिकारियों ने घर-घर जाकर सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान यह भी देखा गया कि सर्वे के बाद संबंधित घरों पर सत्यापन स्टिकर लगाए गए हैं या नहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। गलत, अपात्र और डुप्लिकेट नामों को हटाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है, जिससे मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध बनाया जा सके।
प्रशासन का मानना है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से एक ऐसी मतदाता सूची तैयार की जाएगी, जो न केवल सटीक होगी बल्कि पूरी तरह पारदर्शी भी होगी। इससे चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने में बड़ी मदद मिलेगी।