उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है।
पति की हत्या के बाद अब अनाथ बच्चों और विधवा को 'बदले' की धमकी, न्याय के लिए CM और DGP को भेजा पत्र
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के मदरहना उर्फ रामनगर गांव की एक विधवा, फूलमती, अपने मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए मुख्यमंत्री, डीजीपी और राज्य महिला आयोग से गुहार लगा रही हैं। पति की कथित हत्या के बाद अब दबंगों द्वारा 'बदला लेने' की खुलेआम धमकी से पूरा परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।
शिकायती पत्र के अनुसार, फूलमती के पति स्वर्गीय संतोष पर बीती 14 फरवरी 2026 को गांव के ही दबंग काशीराम (देवीलाल) उर्फ भगत ने जानलेवा हमला किया था। इस हमले में संतोष बुरी तरह घायल हो गए थे और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से ही परिवार न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से उनके हौसले और बुलंद हो गए हैं।
पीड़िता फूलमती ने अपनी नई शिकायत (पंजीकरण संख्या: GOVUP/E/2026/0043849) में चौंकाने वाला खुलासा किया है। पीड़िता का आरोप है कि:
"मेरी पुत्री काजल जब दुकान पर सामान लेने गई, तो उसने आरोपी के रिश्तेदार सूर्यबली को यह कहते सुना कि— 'बदला लेंगे, चाहे जब लेंगे'। इस धमकी के बाद से मेरे बच्चे डरे हुए हैं और हमें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।"
मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। एक ओर पीड़िता सुरक्षा के लिए लखनऊ तक पत्र भेज रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा जा रहा है:
एएसपी सदर (IPS विश्वजीत सौर्यान) ने फिलहाल किसी भी ठोस कार्रवाई या बयान से मना कर दिया है। उन्होंने कहा पीड़िता आयेगी उसकी सुनवाई होगी
बजहा चौकी इंचार्ज (अखिलेश कुमार मिश्र) का कहना है कि उन्हें धमकी के मामले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
पीड़िता के तरफ से लिखित सूचना मिलते ही जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।