logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

15 और 22 अप्रैल को लगेंगे पेंशन शिविर, पुरानी समस्याओं का होगा समाधान

कलान व तिलहर में कैंप आयोजित करने के निर्देश, नई पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र और लंबित मामलों पर भी होगा काम

शाहजहांपुर।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने जनपद में पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष पहल करते हुए 15 अप्रैल को विकासखंड कलान तथा 22 अप्रैल को विकासखंड तिलहर में पेंशन शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों में पुरानी पेंशन से संबंधित शिकायतों का निस्तारण, नई पेंशन स्वीकृति और दिव्यांगजन प्रमाण पत्र बनाए जाने की व्यवस्था की जाएगी।

कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित समाज कल्याण, महिला कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिले। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन में आ रही समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने महिला कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर वास्तविक लाभार्थियों को ही सहायता प्रदान की जाए। साथ ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं की सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित आवेदनों की जांच उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों से कराई जाए और अगला लक्ष्य मिलने पर पहले इन्हीं आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों की सुविधाओं को लेकर भी जिलाधिकारी गंभीर दिखे। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्रावासों में ‘प्रेरणा कैंटीन’ तथा आवश्यक वस्तुओं की दुकानों का संचालन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाए। अभ्युदय कोचिंग योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए घंटों का माहवार विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति, ट्रिपल सी और ओ-लेवल कोर्स की प्रगति जानी गई। जिलाधिकारी ने चयनित कोचिंग सेंटरों की समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की योजनाओं पर भी चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0
46 views

Comment