मुंबई: माटुंगा रेलवे वर्कशॉप में भीषण आग, एक घंटे में पाया गया काबू
संवादाता
मुंबई के माटुंगा स्थित रेलवे वर्कशॉप में बुधवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वर्कशॉप में खड़े एक स्लीपर कोच में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही पूरे परिसर में घना धुआं फैल गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे और संबंधित विभाग पूरे मामले की पड़ताल में जुटे हैं।