भाजपा हुसैनगंज मंडल कार्यकारिणी पर उठे सवाल, नाराज कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष को सौंपे इस्तीफे
हुसैनगंज-फतेहपुर
भाजपा के हुसैनगंज मंडल की हाल ही में घोषित कार्यकारिणी को लेकर पार्टी संगठन के भीतर असंतोष उभरकर सामने आया है। इस मामले में कई कार्यकर्ताओं ने फतेहपुर जिलाध्यक्ष को संबोधित करते हुए अपना त्यागपत्र सौंप दिया है और नई कार्यकारिणी के गठन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
त्यागपत्र में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंडल कार्यकारिणी में ऐसे व्यक्तियों को जिम्मेदारी दी गई है, जो न तो पार्टी की मूल विचारधारा से जुड़े हैं और न ही संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वहीं, लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है।
नाराज कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार का निर्णय पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के विपरीत है, जिससे संगठन की मजबूती प्रभावित हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जाता रहा, तो इसका नकारात्मक असर संगठन पर पड़ेगा।
कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष से मांग की है कि घोषित कार्यकारिणी की निष्पक्ष समीक्षा कर योग्य, अनुभवी और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि संगठन को मजबूती मिल सके।
बताया जा रहा है कि इस मामले में सुरेश पाल (मंडल कार्य समिति), सर्वेश बाजपेई (बूथ प्रमुख), वैभव गुप्ता, जयराम पाल, विश्वदीप सहित लगभग 40 कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा देकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
भाजपा हुसैनगंज मंडल की नई कार्यकारिणी को लेकर उठा यह विवाद संगठन के अंदरूनी असंतोष को उजागर करता है। अब सभी की निगाहें जिलाध्यक्ष के अगले कदम पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि संगठन इस स्थिति को किस तरह संभालता है।