टाटा जमशेदपुर मुंशी मोहल्ला और गुरुद्वारा बस्ती में पानी की किल्लत, महापौर ने तुरंत दिलाई राहत
जमशेदपुर के मुंशी मोहल्ला और गुरुद्वारा बस्ती क्षेत्र में लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों को राहत मिली है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों ने महापौर सुधा गुप्ता के सामने अपनी परेशानी रखी और बताया कि इलाके में नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने तुरंत कार्रवाई की। उनके निर्देश पर टेंकर के माध्यम से प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली। महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी की समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए।
महापौर सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम जनता की बुनियादी सुविधाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी क्षेत्र में समस्या होने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त कर स्थायी रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, स्थानीय निवासियों ने महापौर की त्वरित पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें इस समस्या से स्थायी रूप से निजात मिलेगी।