जमशेदपुर में महिला पर हमले से सनसनी, मेयर और पूर्व मंत्री ने लिया जायजा
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में स्थित जमशेदपुर हाई स्कूल और टाटा फुटबॉल अकादमी के सामने बजरंग चाय दुकान से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। चाय बेचने वाले एक परिवार की महिला सदस्य मेहंदी पर हुए हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचे। वहां उन्होंने पीड़ित महिला मेहंदी के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की स्थिति की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मेयर सुधा गुप्ता और बन्ना गुप्ता ने इस घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तुरंत एसएसपी को फोन कर मामले में सख्त कार्रवाई करने और घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही, उन्होंने टीएमएच प्रबंधन को निर्देशित किया कि पीड़िता को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसका जल्द से जल्द स्वस्थ होना सुनिश्चित हो सके।
पुलिस प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।