कार-बाइक टक्कर में एक ही परिवार के चार घायल
बहन की शादी का कार्ड देने जा रहे थे, पत्नी की हालत गंभीर
शाहजहांपुर। मदनापुर रोड पर हीरानगर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों में महिला की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद थाना क्षेत्र के कसारी गांव निवासी सुमित अपनी बहन खुशबू की शादी का निमंत्रण देने मदनापुर क्षेत्र के तिति गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। उनके साथ पत्नी पूनम, बेटी जया और बेटा अंशिक भी बाइक पर सवार थे।
जैसे ही वे मदनापुर रोड पर हीरानगर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
बताया जा रहा है कि सुमित की बहन खुशबू की शादी 26 अप्रैल को होनी है और परिवार में तैयारियां चल रही थीं। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।
जलालाबाद थाना प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।