आदित्यपुर के सालडीह में भाजपा नेता के घर पर फायरिंग, तीन राउंड गोली चली
आदित्यपुर: शहर के सालडीह क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बेखौफ अपराधियों ने भाजपा नेता स्वप्न कुमार दास के घर पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार तीन अपराधी स्कूटी से मौके पर पहुंचे और घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने कुल तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें दो गोलियां घर की खिड़की की ग्रिल में जा लगीं, जबकि एक गोली हवा में चली। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
भाजपा नेता स्वप्न कुमार दास ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। घटना के बाद इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने मौके से खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी, जिससे अपराधियों के बढ़ते हौसले साफ नजर आ रहे हैं।