चोरी के गिरोह का पर्दाफाश, 5 वारदातों का खुलासा — लाखों का माल बरामद
डिण्डौरी -- जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से सक्रिय एक चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। इस कार्रवाई में चोरी के 5 प्रकरणों का खुलासा हुआ है और लाखों रुपये का माल बरामद किया गया है। बता दें कि कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में गठित टीम ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम -- पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इरफान खान (19 वर्ष) निवासी ग्राम मुड़की अपने साथी बाल अपचारी के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में घरों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद ये आरोपी वाहनों का रंग बदलकर उन्हें बेचने की फिराक में रहते थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
बरामद हुआ लाखों का माल --पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—05 मोटरसाइकिल (लगभग ₹4.10 लाख)सोने-चांदी के जेवर (लगभग ₹1.08 लाख)बरामद किए हैं। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब ₹5.18 लाख आंकी गई है। बरामद मोटरसाइकिलों में से 4 वाहन कोतवाली क्षेत्र की चोरी की घटनाओं से जुड़े पाए गए हैं, जबकि एक अन्य वाहन के असली मालिक की तलाश जारी है।
टीमवर्क से मिली सफलता -- इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस की टीम के साथ तकनीकी सेल की अहम भूमिका रही। पुलिसकर्मियों की सतर्कता और लगातार निगरानी के चलते लंबे समय से सक्रिय यह गिरोह आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।
इनका कहना है --
हमारे द्वारा आरोपी इरफान खान और बाल अभिचारी को गिरफ्तार किया गया है, जब उनसे पूछताछ की गई तो एक लाख आठ हजार ₹ सोने - चांदी के जेवर ,5 मोटरसाइकिल कीमत करीब 4.10 लाख की चोरी करना कुबूल किया है, और यह जानकारी हमारे संज्ञान में तब आई ,जब वह सोने - चांदी के जेवर बेचने की फिराक में थे।सूचना के आधार पर हमने इन्हें उठाया तो इन्होंने पूछताछ में कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार्य किया।
दुर्गा प्रसाद नगपुरे ( निरीक्षक ,थाना कोतवाली डिंडोरी)