सड़क भूमिपूजन में भिड़ीं दो विधायक, मंच पर ही गरमाया माहौल
फतेहपुर में सड़क निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सियासी माहौल उस समय गरमा गया, जब दो विधायकों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, खागा और हुसैनगंज क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें खागा से भाजपा विधायक कृष्णा पासवान और हुसैनगंज से सपा विधायक ऊषा मौर्या शामिल होने पहुंचीं थीं।
कार्यक्रम के दौरान दोनों विधायकों के बीच भूमिपूजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि “यह मेरा क्षेत्र है, पूजा मैं करूंगी”, जिस पर सपा विधायक ऊषा मौर्या ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “क्या मुझे अपमानित करने के लिए बुलाया गया है?”
विवाद के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी हल्की नोकझोंक देखने को मिली। बताया जा रहा है कि इस दौरान जेई द्वारा दोनों विधायकों को आमंत्रित किए जाने को लेकर भी सवाल उठे। वहीं रत्नेश रत्ना के साथ भी बहस की स्थिति बनी।
इस कार्यक्रम में सपा विधायक ऊषा मौर्या के साथ रत्नेश रत्ना और खागा से पूर्व प्रत्याशी रामतीर्थ परमहंस (डीआईजी) भी मौजूद रहे।
चुनावी माहौल नजदीक आते ही जनप्रतिनिधियों के बीच वर्चस्व की राजनीति खुलकर सामने आ रही है, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।