logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नेपाल के PM बालेन शाह आज 20 देशों के राजदूतों संग करेंगे पहली सामूहिक कूटनीतिक बैठक

काठमांडू, 08 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज काठमांडू में करीब 20 देशों के राजदूतों के साथ पहली सामूहिक कूटनीतिक चर्चा करेंगे। सरकार गठन के बाद यह पहला मौका होगा, जब विभिन्न देशों के राजदूत बालेन सरकार के साथ एक साथ बैठक करेंगे। 

बैठक में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय को नेपाल की ताजा राजनीतिक स्थिति और नई सरकार की प्राथमिकताओं से अवगत कराना है।

प्रधानमंत्री सचिवालय के मुताबिक, भारत, चीन, अमेरिका, जापान और ब्रिटेन समेत एक दर्जन से अधिक देशों के राजदूतों को प्रधानमंत्री कार्यालय में आमंत्रित किया गया है।

कार्यभार संभालने के बाद से प्रधानमंत्री शाह ने विदेशी प्रतिनिधियों से अलग-अलग मुलाकात नहीं की है, हालांकि पारंपरिक शिष्टाचार मुलाकातों के लिए कई अनुरोध आए थे। आमतौर पर नए प्रधानमंत्री कुछ दिनों के भीतर राजदूतों को अलग-अलग बुलाते हैं, लेकिन इस बार बालेन सरकार पुरानी औपचारिक परंपरा को बदलने की तैयारी में है।

प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार असीम शाह ने कहा कि पहले राजदूतों की अत्यधिक आवाजाही और आसान पहुंच की एक परंपरा बन गई थी, जिसे अब खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री शिशिर खनाल की मौजूदगी में होने वाली यह सामूहिक चर्चा नेपाल की कूटनीति में एक नया मानक स्थापित करने की कोशिश है।

0
2887 views

Comment