दिनांक – 07 अप्रैल, 2026 बिहार के
बुनियाद केन्द्र, अरवल में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
बुनियाद केन्द्र, अरवल के तत्वावधान में जिले के दृष्टिदोष से ग्रसित नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले के ऐसे सभी नागरिकों को लाभान्वित करना है, जो किसी भी प्रकार की नेत्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
इस अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ दिनांक 06 अप्रैल, 2026 से किया गया है, जो दिनांक 06 मई, 2026 तक संचालित रहेगा। इस अवधि के दौरान योग्य नेत्र विशेषज्ञों द्वारा नागरिकों की आंखों की समुचित जांच की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर की विशेष बात यह है कि इसमें उम्र संबंधी कोई भी बाध्यता नहीं रखी गई है। अर्थात् बच्चे, युवा, वयस्क एवं बुजुर्ग—सभी वर्ग के नागरिक इस शिविर में आकर अपनी आंखों की जांच करवा सकते हैं और आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मा प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के दौरान नेत्र विशेषज्ञों द्वारा दृष्टिदोष की पहचान कर संबंधित व्यक्तियों को उचित परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही, लोगों को आंखों की देखभाल, स्वच्छता एवं नियमित जांच के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि गंभीर नेत्र रोगों से बचाव किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा स्वयं एवं अपने परिजनों की आंखों की जांच अवश्य कराएं।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध हो, जिससे उनकी दृष्टि सुरक्षित रहे और वे स्वस्थ एवं सशक्त जीवन व्यतीत कर सकें।