सड़क हादसे में महिला की मौत, एक गंभीर घायल
बाढड़ा, पत्रकार महेंद्र सिंह
कस्बे के जुई रोड स्थित तोता की ढाणी के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव लाड निवासी करीब 33 वर्षीय मंजीत अपनी चाची सास 54 वर्षीय केला देवी के साथ जीजापुर धाम में पूजा-अर्चना कर स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं। जैसे ही वे जुई रोड पर तोता की ढाणी के समीप पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल केला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद भिवानी रेफर किया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका मंजीत की मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।