logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: ठूठीबारी में नशीली दवाओं की खेप पकड़ी, एक गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: ठूठीबारी में नशीली दवाओं की खेप पकड़ी, एक गिरफ्तार
महराजगंज। जनपद में अपराध और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारत-नेपाल बॉर्डर पर ठूठीबारी क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:52 बजे सीमा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार (UP 53 DF 6009) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रेहान पुत्र नौसाद, निवासी वार्ड नंबर 11, बाल्मीकि नगर, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी अरशद पुत्र निमुल्लाह, निवासी सोनौली, मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
बरामदगी में शामिल हैं:
200 बोतल (दो गत्तों में) कोडीन फॉस्फेट व ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त सिरप (Asooran-C)
अर्टिगा कार
₹8500 भारतीय मुद्रा और ₹150 नेपाली करेंसी
एक मोबाइल फोन (Realme 11x)
पुलिस ने इस मामले में थाना ठूठीबारी में मुकदमा अपराध संख्या 45/26 के तहत धारा 8/22/23/29 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रमेश पुरी, एसएसबी के एसआई सजल दास, एसएसआई सुजोय दत्ता, हेड कांस्टेबल उदय राम तथा कांस्टेबल बलवंत यादव और निलेश पाण्डेय शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

32
38 views

Comment