logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धनबाद स्टेशन कार्यक्रम में हुई प्रशासनिक लापरवाही पर झरिया विधायक ने रेल मंत्री से की शिकायत, जांच की मांग

धनबाद: झरिया विधायक रागिनी सिंह ने धनबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (13379/80) के शुभारंभ कार्यक्रम में हुई कथित प्रशासनिक लापरवाही को लेकर रेल मंत्री को औपचारिक शिकायत भेजी है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है।

विधायक रागिनी सिंह द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 06 अप्रैल 2026 को धनबाद स्टेशन पर आयोजित उक्त कार्यक्रम के लिए उन्हें पूर्व में विधिवत निमंत्रण भेजा गया था, जिसमें उनकी उपस्थिति अपेक्षित बताई गई थी। हालांकि कार्यक्रम प्रारंभ होने से ठीक पूर्व उन्हें यह सूचना दी गई रेलवे बोर्ड से आमंत्रण निरस्त कर दिया गया है

विधायक ने अपने पत्र में इसे केवल एक सामान्य चूक नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनके साथ-साथ अन्य आमंत्रित जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही न केवल रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है, बल्कि सार्वजनिक कार्यक्रमों की गरिमा को भी प्रभावित करती है।

पत्र में विधायक ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की है।

विधायक रागिनी सिंह ने अपने पत्र में यह भी अपेक्षा व्यक्त की है कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि जनप्रतिनिधियों के सम्मान और सार्वजनिक कार्यक्रमों की गरिमा बनी रहे।

इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की घटनाओं पर जवाबदेही तय नहीं की गई, तो भविष्य में भी प्रशासनिक समन्वय से जुड़े ऐसे विवाद सामने आ सकते हैं।

26
922 views

Comment