logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बरही में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा: भारी मात्रा में एक्सपायरी सरसों तेल जब्त, बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार...

हजारीबाग (बरही): जिला प्रशासन की मुस्तैदी से बरही में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरही स्थित 'मां जगदंबा ट्रेडिंग' नामक प्रतिष्ठान में औचक छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में एक्सपायरी सरसों तेल बरामद किया गया, जिसे विभाग ने तुरंत सील कर दिया है।

उपायुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० शशि जायसवाल के निर्देश पर की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो० मंजर हुसैन के नेतृत्व में पहुंची टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहाँ नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं।

सैकड़ों टीन और बोतलें जब्त

जांच के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में एक्सपायरी सरसों तेल मिला। इसमें शामिल हैं:

• चाचा राणा प्रताप सरसों तेल: 813 टीन (एक्सपायरी)
• काला घोड़ा सरसों तेल: 144 बोतल (एक्सपायरी)

विभाग ने इन सभी उत्पादों को मौके पर ही जब्त कर सील कर दिया है ताकि इन्हें बाजार में खपाया न जा सके।

जांच के लिए भेजे गए सैंपल

छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों के सरसों तेल के नमूने (सैंपल) लिए गए हैं, जिनमें चाचा राणा प्रताप, फ्यूचर, मुरली और काला घोड़ा सरसों तेल शामिल हैं। इन नमूनों को रासायनिक विश्लेषण के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता संबंधी पुष्टि की जाएगी।

बिना लाइसेंस के चल रहा था व्यापार

निरीक्षण में एक और गंभीर लापरवाही सामने आई। उक्त प्रतिष्ठान बिना किसी वैध खाद्य अनुज्ञप्ति (FSSAI लाइसेंस) के संचालित किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार करना और एक्सपायरी सामान बेचना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत गंभीर अपराध है।

"जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित कारोबारी के खिलाफ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।"
मो० मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी

30
89 views

Comment