मेरठ जिले के किनानगर गांव में मंदिर में तोड़फोड़, शिवलिंग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में आक्रोश
मेरठ के गढ़ रोड क्षेत्र स्थित किरण नगर मार्ग पर एक मंदिर में देर रात असामाजिक तत्व द्वारा शिवलिंग (पिंडी) को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात एक युवक मंदिर परिसर में आता-जाता सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। सुबह जब मंदिर के महंत ओमकार नाथ उठे, तो उन्होंने देखा कि भगवान शिव की पिंडी पूरी तरह खंडित अवस्था में पड़ी है। इसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और विरोध जताया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान सीओ सुधीर सिंह और थाना प्रभारी भावनपुर जोगिंद्र सिंह ने लोगों को शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों के समझाने पर ग्रामीण शांत हो गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।