आस्था ट्विन सिटी में महिला से सोने की चेन छीनकर दो बदमाश फरार
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था ट्विन सिटी परिसर में शनिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और कॉलोनीवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड टाटा स्टील कर्मचारी नंदलाल ओझा अपनी पत्नी विमा देवी के साथ एक रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान आस्था ट्विन सिटी स्थित उनके फ्लैट के पास बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। जैसे ही महिला टेंपो से उतरकर खड़ी हुईं, एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और अपने साथी के साथ बाइक पर तेजी से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि छीनी गई चेन की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।