देवरी में सड़क किनारे लगा धर्म कांटा बना हादसों का कारण, बाइक सवार घायल
मिर्जापुर
मड़िहान थाना क्षेत्र के मिर्जापुर–सोनभद्र मुख्य मार्ग पर देवरी गांव के सामने सड़क किनारे लगा धर्म कांटा अब दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। सोमवार सुबह विंध्याचल दर्शन करने जा रहे एक बाइक सवार को डीजल टैंकर ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के हसरा गांव निवासी रमाकांत यादव ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे उनके चाचा जंगली यादव (50) बाइक से विंध्याचल दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे मिर्जापुर–सोनभद्र मुख्य मार्ग पर देवरी कला गांव के सामने पहुंचे, वहां सड़क किनारे लगे विंध्यवासिनी धर्म कांटा के कारण ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान सामने से आ रहे डीजल टैंकर की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
हादसे में जंगली यादव की बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि संयोग अच्छा रहा कि उन्हें केवल हल्की चोटें आईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब छह माह पहले सड़क किनारे लगाए गए विंध्यवासिनी धर्म कांटा के कारण रोज भोर से लेकर सुबह 10 बजे तक सड़क पर ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है। इस दौरान राहगीरों और छोटे वाहनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक अब तक इस स्थान पर करीब आधा दर्जन सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद नजदीकी पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या पर जल्द संज्ञान लेने की मांग की है।